बांदा। ट्रेन से कटकर दलित युवक ने जान दे दी। परिजन घटना की वजह प्राइवेट डाक्टर द्वारा नौकरी से निकाल देना बता रहे हैं। शहर के कंचन पुरवा मोहल्ला निवासी राजेंद्र (35) पुत्र मुन्नालाल का शव गुरुवार को तड़के क्योटरा आउटर सिग्नल से कुछ पहले रेल पटरी पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला।
मोहल्ले वालों से खबर मिलने पर परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जबलपुर-लखनऊ एक्सप्रेस से कटकर उसने जान दे दी। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। चचेरे भाई अनिल भारतीय ने बताया कि राजेंद्र शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में काम करता था।
बुधवार को डाक्टर ने डांटकर उसे काम से भगा दिया था। आर्थिक तंगी और काम छूट जाने से परेशान होकर उसने जान दे दी। जीआरपी थाना प्रभारी हरिविलास ने बताया कि आत्महत्या की सूचना दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।