चचेरे भाई की हत्या में गिरफ्तार लियाकत।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव में खलिहान की जमीन के एक टुकड़े के लिए चचेरे भाई ने ही किसान की हत्या की थी। इतना ही शव को जला भी दिया था। लोगों को शक न हो, इसके लिए आरोपी मृतक के परिजनों से हमदर्दी जताता रहा और अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली है।
10 नवंबर की रात अक्की खां पुत्र मुख्तार ट्यूबवेल पर सो रहा था। तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव उसके बिस्तर में लपेटकर फूंक दिया था। मृतक के भाई अफसर खां ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने मीडिया को बताया कि इस हत्याकांड में पुलिस ने लियाकत खां पुत्र फैय्याज खां को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मृतक अक्की का चचेरा भाई और बगेहटा का ही रहने वाला है। अभियुक्त के दिए बयान का हवाला देकर एसपी ने बताया कि पिछले साल खलिहान की जमीन को लेकर अभियुक्त लियाकत और अक्की के बीच रंजिश हो गई थी। इसी में यह हत्या अंजाम दी गई। एसपी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई एकनाली बंदूक भी बरामद कर ली गई है। अभियुक्त के मुताबिक यह फैक्टरी मेड बंदूक उसने 20 हजार रुपये में खरीदी थी।
पुलिस बंदूक बेचने वाले की तलाश कर रही है। हत्याभियुक्त ने बताया कि अक्की रजाई ओढ़ कर सो रहा था। तभी रजाई के ऊपर से ही बंदूक की नाल सटा कर गोली मार दी। नाल से बारूद की निकलने वाली चिंगारी से रजाई में आग लग गई। उसी से शव जल गया। यह भी बताया कि रात करीब 11:30 बजे उसने हत्या की थी।