बोरिंग कराने के लिए खेत के पास पेड़ के नीचे बैठे किसान को बोरिंग वाहन ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही वृद्ध किसान की मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के पुरवातरौहा निवासी रामआसरे निषाद (65) पुत्र मुन्ना निषाद अपने खेत में बोरिंग कराने के लिए बुधवार रात को इंतजार कर रहा था। बोरिंग मशीन वाहन चालक ने सूचना दी कि इसी गांव के एक अन्य स्थान पर बोरिंग का काम देर रात को खत्म कर वह आएगा।
जब बोरिंग मशीन वाहन आया तो अचानक आंधी पानी शुरू हो गया। इससे बोरिंग का काम रोककर सभी नीम के पेड़ के नीचे विश्राम करने लगे। गुरुवार को तड़के बोरिंग मशीन चालक जब अपने वाहन को मोड़ रहा था तो हल्का अंधेरा होने के कारण पेड़ के नीचे सो रहे किसान रामआसरे को नहीं देख पाया।
इससे वाहन की चपेट मेें आने से किसान की मौके पर मौत हो गई। घटना होते ही चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीण व मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस सूचना दी गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा गया। मृतक की पत्नी बिंदादेवी समेत तीन पुत्र व एक पुत्री का रोरोकर बुरा हाल है।