बांदा। बोलेरो की टक्कर से मैजिक पलट गई। इससे मैजिक के चालक समेत 10 बाराती घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव के सत्तीदीन के पुत्र राम प्रकाश की बारात बुधवार को अतर्रा क्षेत्र के बल्लान गांव गई थी।
गुरुवार को सुबह बारात विदा होने के बाद बाराती मैजिक वैन से वापस डिघवट आ रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिंगवाही और महुआ गांव के बीच बांदा की ओर से आ रही बोलेरो और मैजिक की भिड़ंत हो गई। मैजिक पलटकर खंती में जा गिरी। चीख-पुकार मचने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में डिघवट गांव निवासी अमित (15) पुत्र महेश्वरीदीन, इंद्रबाबू (35) पुत्र सुभाषी, चालक ओम प्रकाश (25) पुत्र बल्देव, विमल (21) पुत्र शिवदास, कैलाश खेंगर (40) पुत्र प्रहलाद, छोटेलाल (40) पुत्र जगन्नाथ और चांदपुर (फतेहपुर) निवासी अमृतलाल (28) पुत्र शिवनारायण, राम प्रताप (28) पुत्र घासीराम (अरतरा, मौदहा), चेतराम (26) पुत्र बब्बू (इंगोहटा, हमीरपुर) का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
सड़क हादसों में सात घायल
बांदा। सड़क हादसों में पांच बाइक सवारों समेत सात घायल हो गए। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमीरपुर जिले के गढ़ा (सिसोलर) गांव निवासी कल्लू (24) पुत्र राम प्रताप और उसका दोस्त शिवपाल (23) पुत्र बाबूराम पैलानी डेरा से गांव जाते समय जसपुरा के पास बाइक खंती में गिरने से घायल हो गए।
एक अन्य घटना में विवेक कुमार उर्फ बड़कू (18) पुत्र शिव प्रसाद और उसका भांजा हिमांशु (10) पुत्र शिवबरन गुरुवार को सुबह बाइक सीखते समय दीवार से टकराकर घायल हो गए। उधर, बबेरू कस्बा निवासी अरविंद कुमार तिवारी (58) औगासी रोड गैरेज के पास वैन की टक्कर से घायल हो गया।
एक अन्य घटना में देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव की राजकुमारी (35) पत्नी बब्बू सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गई। सिविल लाइंस निवासी संविदा बिजली कर्मी विकरन उर्फ पप्पू (24) पुत्र त्रिभुवन स्टेशन रोड पर कार की टक्कर से घायल हो गया। यह कार महोबा के स्वास्थ्य विभाग के अफसर की बताई गई।