स्टेट हाईवे पर चिल्ला के अतरहट गांव में बगिया के पास सोमवार शाम ट्रक की चपेट में आ जाने से एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक की परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घायल को यूपी-100 और थाना पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
हमीरपुर के बगेहटा छानी निवासी शिवकुमार (32) पुत्र चंद्रपाल और उसके साथ पैलानी थाना क्षेत्र के मरझा निवासी लाखन (50) पुत्र भोला एक ही बाइक पर जा रहे थे। अतरहट गांव के पास ट्रक ने बाइक को भीषण टक्कर मार दी। बाइक चला रहे शिवकुमार की वहीं मौत हो गई। लाखन पाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे थाना इंसपेक्टर विनोद कुमार सिंह और यूपी-100 पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सरस्वाह निवासी छात्र लवकुश (20), सूरजवली (24), तेजराम (23) सोमवार को अतर्रा डिग्री कालेज परीक्षा देने जाते समय अर्जुनाह मोड़ पर साइकिल सवार को बचाने में बाइक खाई में गिर जाने से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क हादसे में महिला की मौत
नरैनी। पति के बाद सड़क हादसे में घायल महिला की घटना के बीस दिन बाद लखनऊ में मौत हो गई। 19 फरवरी को बांसी गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में पुकारी गांव के शंकर बाजार निवासी शिवदयाल सोनी की मौके पर मौत हो गई थी। पत्नी राजकुमारी (50) घायल हो गई थी। जिसका लखनऊ में इलाज चल रहा था। बेटे सुशील सोनी ने बताया कि रविवार की सुबह मौत हो गई।