बाइक खंती में गिरने से युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथ में बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में दो घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
गिरवां थाना क्षेत्र के बिगहना गांव निवासी रोहित (18) पुत्र परसन अपनी भाभी सविता (25) पत्नी रामनिहोर को बाइक में बैठाकर बिलगांव गांव बैंक गया था। वापस घर आते समय बिलगांव के नजदीक बाइक असंतुलित होकर खंती में जा गिरी। रोहित की वहीं मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सविता को 108 एंबुलेंस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भाई रामनिहोर ने बताया रोहित हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करता था। 15 दिन पूर्व यहां आया था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अन्य घटनाओं में अतर्रा नगर की संध्या (18) पत्नी मुकेश बुधवार को दोपहर अतर्रा इंजीनियरिंग कालेज के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गई। उधर, कालिंजर थाना क्षेत्र के सढा गांव का पप्पू (30) पुत्र रामलाल बुधवार को सुबह गांव में ही बाइक से गिरकर घायल हो गया।