बांदा। खुले में शौच के लिए जाना जानलेवा साबित हुआ।
मां के साथ शौच को जा रही बालिका को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उसकी
वहीं मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे
जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना चिल्ला थाना क्षेत्र के
अतरहट गांव की है। राजाराम वर्मा की आठ वर्षीय पुत्री कोमल अपनी मां ममता
(35) के साथ गुरुवार की शाम गांव के बाहर सड़क किनारे खुले मेें शौच के लिए
गई थी।
साथ में चाची राधा व छोटा भाई अभिषेक भी था। चिल्ला की तरफ
से आए तेज रफ्तार खाली ट्रक ने बालिका कोमल को रौंद दिया। उसकी वहीं मौत
हो गई।
मां ममता भी टक्कर लगने से घायल हो गई। राधा और अभिषेक बाल-बाल बच गए। परिजनों ने ममता को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पोस्टमार्टम
हाउस में पिता राजाराम ने बताया कि कोमल दो भाइयों में इकलौती थी। कक्षा
दो की छात्रा थी। उधर, ट्रक चालक लामा गांव के पास ट्रक छोड़कर भाग गया।
पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया।