इलाकाई लोगों की मदद से चालक और ट्रक को पकड़ लिया गया। उन्नाव जिले में मौरावां थानान्तर्गत मवई निवासी गयादीन, गणेश, अवधराज व शिवराज सगे भाई हैं।
गयादीन के अलावा तीन भाई राजस्थान भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे। शाम पांच बजे किसी वाहन से वह गुरुबख्शगंज क्षेत्र के ताला चौराहे तक पहुंचे। बांदा-बहराइच मार्ग पर वाहन के इंतजार में खड़े थे।
इसी दौरान बछरावां की ओर से आ रहे ट्रक को रोकने के लिए अवधराज (24) ने हाथ दिया। बेकाबू ट्रक रुकने के बजाय अवधराज को रौंदता हुआ निकल गया। इस हादसे में श्रमिक की मौके पर मौत हो गई।
चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिवारीजन थाने पहुंचे। मृतक की एक साल पहले शादी हुई थी।
पत्नी श्यामवती, मां बुद्दन के अलावा अन्य परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर चालक और ट्रक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।