शादी के 11 माह बाद ही 26 वर्षीय युवती की ससुराल में आग से झुलसकर मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पति, देवर, सास, ससुर, जेठानी, दादा आदि ससुराल वालों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है।
गुरुवार को दोपहर कस्बे के तिंदवारी नगर में शिवानी गुप्ता की ससुराल के मकान में कमरे के अंदर जलकर मौत हो गई। पति मीनू उर्फ रोहित गुप्ता का कहना है कि मोबाइल फोन कहीं रख देने को लेकर मामूली विवाद हो गया था। वह दुकान चला गया। छोटा भाई आशु भी दुकान में था। मां और पिता भड़ौली गांव में रहते हैं। सूना मौका पाकर शिवानी ने अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। शिवानी का मायका अतर्रा (बांदा) में है। उसकी शादी 5 मार्च 2017 को यहां रोहित के साथ हुई थी।
इंस्पेक्टर प्रतिमा सिंह मौके पर पहुंचीं और शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंसपेक्टर ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की घटना बताई। उधर, मृतका के पिता सुरेंद्र कुमार गुप्ता (अतर्रा) ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि शादी के बाद से ही उसकी पुत्री शिवानी को ससुराल में दहेज के लिए अत्यधिक प्रताड़ित किया जा रहा था।
आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को सुबह पति मीनू, ससुर श्यामलाल गुप्ता, देवर आशू, दादा हरीकिशन मास्टर साहब, बड़ी सास, जेठानी राखी आदि ने शिवानी को गला घोंटकर जला दिया। इंसपेक्टर प्रतिमा सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर सभी ससुराल वालों पर धारा 498ए और 304बी आईपीसी तथा 3/4 दहेज अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की गई है। नायब तहसीलदार ने पंचनामा भरा।