बांदा/नरैनी। शहर के मर्दन नाका हरदौल तलैया के पास शनिवार की रात चोरों ने फर्नीचर कारीगर के घर से 50 हजार रुपये और लगभग दो लाख रुपये का जेवर पार कर दिया। दूसरी घटना में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव में शिक्षक के घर से 43 हजार रुपये और करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए।
शहर कोतवाली के हरदौल तलैया निवासी मुबीन पुत्र मुनीर द्वारा दी गई तहरीर में बताया कि उसका पूरा परिवार छत में सो रहा था। चोरों ने मकान के निचले कमरों के ताले खोलकर फेंक दिए। प्रधानमंत्री आवास के लिए मिले 50 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर आदि पार कर दिए। गृहस्थी का सामान बिखेर दिया। मर्दन नाका पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उधर, नरैनी क्षेत्र के पनगरा गांव में पेशे से शिक्षक शुभेंद्र कुमार गुप्ता अपना इलाज कराने के लिए चार दिन पहले परिवार के साथ तमिलनाडु गए हैं। घर में ताला पड़ा था। शनिवार की रात चोरों ने ताले तोड़कर 43 हजार रुपये नकद और लगभग 5 लाख के जेवर चोरी कर लिए। सुबह टूटे ताले देखकर पड़ोसियों ने यूपी-100 पुलिस और गृह स्वामी को सूचना दी।
बांदा में रह रही पुत्रवधू रुचि गुप्ता भी पहुंच गई और पुलिस को इत्तिला दी। कोतवाली प्रभारी प्रतिमा सिंह और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गृह स्वामी के वापस आने पर तहरीर दी जाएगी। उधर, चोरों ने पड़ोसी शमसुद्दीन व कयूम के घरों में भी ताले तोडने की कोशिश की। लेकिन घरवालों की नींद खुल जाने से भाग निकले।