बांदा। जमीन संबंधी मुकदमे की पेशी के बाद सदर तहसील से बाइक पर वापस गांव जाते समय डेयरी कारोबारी को अज्ञात लोगों ने तमंचे से गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से रेफर किए जाने पर परिजनों ने उसे फतेहपुर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। पुलिस इसे संदिग्ध घटना मान रही है। घायल के भाई ने तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के भुजरख गांव का डेयरी कारोबारी महेश यादव (28) पुत्र हरि प्रसाद सोमवार की रात बांदा शहर से वापस जा रहा था। गांव के नजदीक मोड़ के पास एक ही बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने उसे तमंचे से गोली मार दी। गोली उसके बाएं पैर में लगी। बदमाश भाग गए। महेश के मुताबिक दो बदमाश तमंचे से लैस थे। थाना पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से रेफर कर दिया गया। महेश ने आरोप लगाया कि जमीनी विवाद में उनके खानदानियों की शह पर यह घटना अंजाम दी गई है।
तिंदवारी थाना निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 386, 338, 324 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बताया कि चार दिन पूर्व महेश के विरुद्ध उसके चाचा ने मारपीट आदि की रिपोर्ट दर्ज कराई है। तफ्तीश की जा रही है।
-गांव के पास देर शाम अंजाम दी घटना
-तीन अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
-खानदानियों की शह पर गोली मारने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो