कोतवाली से छुड़ा ले गए आरोपी को, रिपोर्ट दर्ज
बांदा। अपना दल (एस) कार्यकर्ता को हिरासत में लेने पर पार्टी नेता व समर्थकों ने हंगामा कर दिया। कोतवाली में नारे लगाए और उसे जबरन छुड़ा ले गए। पुलिस ने आरोपी कार्यकर्ता के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर निवासी अजमेरी ने शनिवार को शाम पुलिस में शिकायत की थी कि अपना दल (एस) युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक सोनी पुत्र हीरालाल ने उसके साथ मारपीट की। इस पर पुलिस उसे पकड़ कर कोतवाली ले आई। इसकी भनक लगने पर चौराहे में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक इकट्ठा हुए और नारे लगाते हुए कोतवाली पहुंचे।
क्षेत्राधिकारी ओमप्रकाश ने समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने। पुलिस पर दबाव बनाकर जबरन आरोपी को छुड़ा ले गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश सरोज ने भी जबरन छुड़ा ले जाने की बात स्वीकारते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।