बांदा। जिला पंचायत बैरियर के मुनीम को मरणासन्न कर युवा उम्र तीन बदमाश एक लाख रुपये लूट ले गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस फोर्स घटनास्थल पहुंच गया। घायल को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है।
घटना पैलानी थाना क्षेत्र में छनिहा डेरा मार्ग पर भाथा डेरा की है।
बुधवार को शाम केन नदी बालू खदान में लगे जिला पंचायत बैरियर के मुनीम कबरई (महोबा) निवासी रामबरन और कुलदीप कुमार रुपये से भरा बैग लेकर बाइक से बांदा आ रहे थे। भाथा डेरा के पास तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया और रुपये भरा बैग लेकर भाग निकले।
यूपी-100 ने गंभीर रूप से घायल रामबरन को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल के मुताबिक बदमाश एक लाख रुपये लूट ले गए। घटना की सूचना पर एसपी जीपी साहा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने लूट की बात स्वीकारते हुए कहा कि जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।