बांदा। तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर शराब दुकान से लगभग 34 हजार रुपये लूट लिए और भाग निकले। घटना की सूचना पर चंद कदम दूर खड़ी यूपी-100 पहुंची, लेकिन लुटेरे नहीं मिले। दुकान स्वामी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बता रही है।
शहर मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर नवाब टैंक के पास गुरुवार की रात लगभग साढ़े 9 बजे तीन नकाबपोश युवक शराब दुकान पहुंचे और सेल्समैन गोविंदा के तमंचा अड़ा दिया और गोलक में शराब बिक्री के रखे लगभग 33,900 रुपये निकालकर ले गए। घटना की सूचना यूपी-100 पुलिस पहुंच गई और लुटेरों की तलाश की, लेकिन हाथ नहीं लगे।
दुकान स्वामी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। सेल्समैन गोविंदा ने बताया कि एक बदमाश अपने हाथों में दो तमंचे और दूसरा एक तमंचा लिए था। तीसरा दूर खड़ा था।
दुकान अनुज्ञापी व आवास विकास निवासी हिमांशु सिंह और योगेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई, लेकिन एफआईआर अभी दर्ज नहीं की। पुलिस के रवैये पर भी चिंता जताई।
उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल के पास बड़ी संख्या में खड़े ट्रक चालकों और आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की गई है। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।