शादी के सात माह बाद युवती ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मायके वालों ने घटना की वजह मोबाइल पर पति से कहासुनी होना बताया। थाना निरीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली के झील का पुरवा निवासी नरेश दीक्षित की पुत्री नमी त्रिपाठी (22) की शादी पिछले वर्ष मई में चिल्ला थाना क्षेत्र के गुगौली गांव निवासी विवेकानंद तिवारी से हुई थी। गुरुवार की शाम उसने ससुराल में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के चाचा ससुर पप्पू तिवारी ने बताया कि पति विवेकानंद मध्य प्रदेश में किसी आश्रम में है। मोबाइल में पति से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। घटना के वक्त घर के सभी लोग खेत में थे। मृतका के पिता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगला निर्णय लेंगे। शव का ससुराल में अंतिम संस्कार किया गया। उधर, थाना निरीक्षक राकेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भदेहदू गांव में राधा (18) पुत्री सुखलाल ने शुक्रवार को दोपहर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। भाई अमर ने बताया कि घरवालों की डांट से क्षुब्ध होकर उसने घटना की है। एक अन्य घटना में शहर कोतवाली के डिंगवाही गांव निवासी नीतू वर्मा (16) पुत्री प्रेमकुमार ने शुक्रवार को दोपहर जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। तीसरी घटना में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नसेनी गांव में राजा (20) पुत्र गहरू ने गुरुवार को शाम कोई जहरीली चीज खा ली। हालत गंभीर हो जाने पर घरवालों ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। परिजन घटना की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। ब्यूरो
-पति से मोबाइल पर कहासुनी के बाद दी जान
अमर उजाला ब्यूरो