अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। डीएम और एसपी आवास से चंद कदम दूर पॉश इलाके में टॉवर टेक्नीशियन का शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक झांसी का रहने वाला था। यहां काम करने आया था। सुबह राहगीरों शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर एसपी, सीओ सिटी, शहर कोतवाल व सिविल लाइन चौकी इंचार्ज समेत पुलिस फोर्स पहुंचकर मौका मुआयना किया।
झांसी के नई बस्ती निवासी प्रेम कुमार वर्मा (40) पुत्र सीताराम मोबाइल कंपनियों के टॉवरों में टेक्नीशियन का काम करता था। तीन दिन पहले ही वह बांदा आया था। महिंद्रा कंपनी के इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने बताया कि उसे रिलांयस के टॉवर में खराबी होने पर बुलाया गया था। कंपनी अकाउंटेंट अनुष्का गुप्ता ने बताया कि बुधवार को काम करने के बाद वह डीएम कालोनी स्थित टॉवर में ही ठहर गया। गुरुवार को काम न होने की वजह से वह कहीं चला गया था। शुक्रवार की सुबह उसका शव मिला।
यूपी-100 को सूचना दी। मौके पर एसपी शालिनी सिंह, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, सिविल लाइन चौकी इंचार्ज समेत भारी पुलिस फोर्स पहुंचकर घटना की छानबीन शुरू कर दी। मृतक के पास मिली फोन डायरी से परिजनों को सूचना के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चचेरे भाई रवींद्र कुमार व भतीजा नीलू ने बताया कि प्रेम चार भाईयों में छोटा था। नशे का लती था। इसी वजह से पत्नी संगीता लगभग 10 वर्षो से अपने लालकुर्ती (कानपुर) स्थित मायके में दो बच्चों के साथ रहती है। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध है, जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।