बांदा। घर से निकले युवक का कुछ ही घंटों बाद सड़क किनारे शव मिला। गर्दन में गहरा घाव और हाथ-पैरों में चोटें थीं। परिजनों ने हत्या बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बबेरू कस्बे के आजाद नगर में बुधवार की शाम सूरज उर्फ रज्जू सविता (23) पुत्र शिवमंगल घर से निकला था। पिता का कहना है कि किसी ने फोन कर उसे बुलाया। इसके बाद नहीं लौटा। देर रात पुलिस ने उसका शव लावारिस अवस्था में भदवारी गांव मोड़ के पास (पतवन रोड) पर पड़ा पाया।
गले में घाव था। हाथ-पैरों में भी चोटों के निशान थे। पुलिस ने अज्ञात मानकर सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि कर दी। गुरुवार की सुबह परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में पिता ने बताया कि गर्दन में चाकू या किसी धारदार हथियार मारने का घाव था। हाथ-पैर में चोट और घसीटने के निशान थे। पिता के मुताबिक शराब पिलाकर हत्या की गई। उसका मोबाइल फोन भी नहीं मिला। बताया कि सूरज शाम करीब 4 बजे घर से निकल गया था।
6.30 बजे के बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। सूरज ने अपने मुस्लिम पड़ोसी को फोन करके कहा था कि कुछ देर बाद वह सेंवई खाने आएगा। सूरज 10वीं पास था। पिता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वह पुलिस को हत्या की तहरीर देगा। सूरज बबेरू में मढ़ीदाई के पास सैलून की दुकान किए था। अभी शादी नहीं हुई थी। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।