रिश्ते में मौसी लगने वाली बच्ची से दुष्कर्म किया, हालत स्थिर
-रात को कमरे से उठा ले गया था युवक, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम/मानेसर। एक युवक द्वारा पांच वर्षीया मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची रिश्ते में आरोपी की मौसी लगती है। महिला थाना मानेसर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। बच्ची को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी हालत स्थिर है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था जिसे बृहस्पतिवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी दंपती बिनोला क्षेत्र में रहता है। वे एक महीने पहले ही गुरुग्राम आए थे। महिला की पांच वर्षीय बहन पांच दिन पहले ही गुरुग्राम कुछ दिन रहने के लिए आई थी। उनके पड़ोस में महिला का रिश्ते में दूर का भांजा अखिलेश भी रहता है। महिला बुधवार रात बहन के पास कमरे में सोई हुई थी। देर रात वह शौच के लिए गई तो आरोपी उसकी बहन को उठाकर अपने कमरे में ले गया। महिला को कमरे में बहन नहीं मिली तो उसने इधर उधर ढूंढा। उसने खिड़की से अखिलेश के कमरे में झांका तो उसकी बहन उसके कमरे में बेहोश पड़ी थी। उसने आवाज देकर दरवाजा खुलवाया, जिस पर आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। महिला ने पुलिस को शिकायत कर दी। उसे अस्पताल लाया गया। बच्ची की हालत नाजुक है, उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
महिला थाना मानेसर प्रभारी निरीक्षक कांता देवी ने बताया कि चिकित्सा जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपी को बिनोला से ही गिरफ्तार किया गया था।