अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। धान बेचकर आढ़तिया के यहां से 40 हजार रुपये लेकर घर लौट रहे किसान को तीन युवकों ने लूट लिया। विरोध करने पर पिटाई भी की। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बदमाश नकदी और मोबाइल लेकर भाग निकले। पुलिस इसे संदिग्ध बता रही है।
थाना क्षेत्र के गोखिया गांव निवासी किसान रामशरण कोटार्य ने अतर्रा में एक आढ़ती के यहां धान बेचा। शनिवार को देर शाम वह धान बिक्री के 40 हजार रुपये लेकर साइकिल से घर लौट रहा था।
गांव के नजदीक पहले से घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे रोक लिया। तीनों हाथ में कुल्हाड़ी लिए थे। जब तक किसान कुछ समझ पाता बदमाशों ने उसका रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध किया तो किसान को डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आसपास सिंचाई कर किसान दौड़े, लेकिन बदमाश 40 हजार रुपये व मोबाइल लेकर भाग निकले।
रामशरण किसी तरह थाने पहुंचा और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के बजाय टरका दिया। इंसपेक्टर दुर्गविजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
धान बेचकर लौट रहे किसान को लूटा
40 हजार रुपये मोबाइल छीनकर भागे
पुलिस बता रही मामला संदिग्ध, दर्ज नहीं की रिपोर्ट