बांदा। मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में दो विवाहिता और सगे भाइयों समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के महोखर गांव स्थित ससुराल में आरती पिटाई से घायल हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। आरती ने आरोप लगाया कि पति समेत ससुरालीजन उसे अक्सर मारते-पीटते हैं। घर से निकालने के लिए लांछन लगाते हैं। दूसरी घटना में शहर परशुराम तालाब निवासी रेशमा घायल हो गई। जिला अस्पताल में उसका इलाज कराया। रेशमा के पिता कताई मिल निवासी लखन ने आरोप लगाया कि बेटी की शादी दो माह पूर्व हुई है। होली पर वह पुत्री रेशमा को लेने गए थे।
ससुराल वालों ने 50 हजार रुपये और बाइक की मांग पूरी करने के बाद साथ भेजने की बात कही। इस पर विवाद हो गया। चाकू और डंडे से हमला कर उसे और उसकी पुत्री को घायल कर दिया। पुलिस ने पति समेत तीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। तीसरी घटना में शहर के हरदौली कांशीराम कालोनी निवासी सिद्धार्थ मिश्रा और उसके छोटे भाई पिंटू को पड़ोसी तीन लोगों ने डंडों से पीटकर घायल कर दिया। सिद्धार्थ ने बताया कि हमलावर ई-रिक्शा चालक को पीटकर रुपये छीन रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। कोतवाली में तहरीर दी है।