तिंदवारी। अस्थायी गोशालाएं और गो संरक्षण केंद्र सूने पडे़ हैं। अन्ना मवेशी हाईवे और सड़कों पर घूम रहे हैं। किसान फसलाें को फिर से बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। अन्ना गायों के झुंड सड़क हादसों का सबब बन रहे।
क्षेत्र में लगभग 46 अस्थायी गोशालाएं बनाई गई है। सरकारी अभिलेखों में इन गोशालाओं में अन्ना मवेशी बंद हैं। दूसरी तरफ लगभग आठ हजार अन्ना मवेशी छुट्टा घूम रहे है।
मौका पाते ही खेतों की फसल चट कर जाते हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में घूम रहे अन्ना मवेशियों के सवाल पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अमर बहादुर सिंह का कहना है कि नगर क्षेत्र के अन्ना मवेशी कान्हा पशु आश्रय केंद्र में रखे गए हैं।
हालांकि वे इनकी संख्या नहीं बता पाए। कहा कि यहां नगर पंचायत क्षेत्र में घूम रहे अन्ना मवेशी आसपास के गांवों के हैं। उधर, एसडीएम सदर सुरजीत सिंह का कहना है कि जिला विकास अधिकारी को 10 जुलाई को ही अन्ना मवेशियों को अस्थायी गोशालाओं में बंद करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
कस्बा निवासी किसान राजेंद्र तिवारी, अनूप साहू, रामपाल, दिनेश, जयकांत, सुमित्रा आदि ने कहा कि अन्ना मवेशी फसलों और राहगीरों के दुश्मन बने हैं।