बांदा। जमीन को लेकर चले आ रहे पुराने विवाद और दरवाजे पर बासी चावल फेंकने में पुलिस कांस्टेबल, उसकी बहन और मां की चचेरे भाइयों ने हत्या कर दी। बड़े भाई ने तीन चचेरे भाई, भाभी सहित 15 लोगों के खिलाफ नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चित्रकूटधाम मंडल के आईजी, डीएम और एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को उठाया है। इनमें कई नामजद आरोपी भी बताए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद कांस्टेबल के शव को पुलिस ने मुक्तिधाम में गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
घटना शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के परशुराम तालाब चमरौडी की है। सिविल पुलिस कांस्टेबल अभिजीत वर्मा उर्फ गोल्डी (27) और उसकी छोटी बहन निशा (25) और मां रमा देवी (50) पत्नी स्वर्गीय रामप्रसाद वर्मा की घर के ठीक बगल में रहने वाले चचेरे भाइयों और उनके घर की महिलाओं ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी खून से लथपथ शवों को छोड़कर फरार हो गए। अभिजीत का मित्र दिलीप (26) भी घायल हो गया।
हमले के समय अभिजीत फोन पर बड़े भाई सौरभ वर्मा से बात कर रहा था। सौरभ सीतापुर में पीएसी कांस्टेबल की ट्रेनिंग कर रहा है। फोन पर चीख-पुकार सुनकर सौरभ ने तत्काल यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक हत्यारे फरार हो चुके थे। तीनों शव खून में सने आसपास पड़े मिले। अभिजीत प्रयागराज में रिजर्व गार्द में तैनात था। वह छुट्टी पर आया था।
कांस्टेबल सहित ट्रिपल मर्डर से आसपास दहशत फैल गई। पुलिस महानिरीक्षक (चित्रकूटधाम मंडल) के. सत्यनारायणा, डीएम आनंद कुमार सिंह, एसपी डॉ. एसएस मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स पहुंच गया। घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और क्रिकेट बैट नजदीक से ही बरामद किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने तत्काल तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और घटनास्थल पर रक्त आदि की सफाई करा दी। शनिवार को सीतापुर से भाई सौरभ वर्मा भी यहां आ गया। उसकी तहरीर पर शहर कोतवाली में 5 महिलाओं समेत 15 नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या की धारा 302 सहित 147, 148, 504, 506 व 34 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नामजद अभियुक्तों में मृतक अभिजीत के चचेरे भाई देवराज का साला सोमचंद्र, उसकी पत्नी शकुंतला और मां मछला, धर्मेंद्र व उसकी पत्नी शिववती और धरमवीर पुत्रगण शिवराज, चचेरे भाई देवराज पुत्र भगवानदीन और उसकी पत्नी रज्जो व चचेरा भाई शिवपूजन पुत्र भगवानदीन व इसकी पत्नी धर्मवती, चचेरा भाई सुरेश उर्फ बब्लू पुत्र भगवानदीन, चचेरा भतीजा राज उर्फ गोपी पुत्र देवराज, सूरज पुत्र रामशरण, कामता व रोहित पुत्रगण सुखदेव तथा दो अज्ञात शामिल है।
उधर, मेडिकल कालेज में तीन डाक्टरों के पैनल ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। कांस्टेबल के शव पर फूल चढ़ाकर पुलिस कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
बांदा का तिहरा हत्याकांड: चमरौडी में मृतक अभिजीत के घर के बाहर लगी भीड़।- फोटो : BANDA
बांदा का तिहरा हत्याकांड: आरोपी चचेरे भाई बबलू के घर के टूटे पड़े दरवाजे।- फोटो : BANDA