बांदा। शराब पीने से मना करने पर रविवार को गांव के तीन युवकों ने दंपती को पत्थर और लात-घूंसों से पीट कर लहूलुहान कर दिया। दंपती को जिला अस्पताल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ निवासी बंशीलाल (40) शाम को घर जा रहा था, तभी रास्ते में गांव के शीलू, अनिल व एक अन्य ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए बुलाने लगे। बंशीलाल ने उन्हें मना कर दिया तो उन्होंने अभद्रता कर उसकी पिटाई कर दी। इस बीच बंशीधर की पत्नी छोटी वहां पहुंच गई। हमलावरों ने छोटी को भी पीट कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। थानाध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।