बांदा। पड़ोसी दबंगों ने घर में धावा बोलकर पिता और दो पुत्रों को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। पिता की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के अमिलिहा गांव निवासी धर्मराज यादव (50) और उनके पुत्र बल्लू (24) और मिथलेश (19) को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। बल्लू ने बताया कि रविवार को दोपहर पड़ोसी दबंग की भैंस उसके खेत में घुस गई।
उलाहना देने पर दबंग रंजिश मान बैठे और रात को ही हमला कर दिया। दरवाजे पर बैठे पिता धर्मराज को लाठियों से पीट दिया। बचाने में उसे और मिथलेश को भी चोटें आईं। सिर पर गंभीर चोट आने पर डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
बिसंडा थाना इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिल गई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।