बांदा। कोरोना ने एक और जान ले ली। अब मरने वालों का आंकड़ा 10 हो गया। उधर, संक्रमित मरीजों की संख्या थम नहीं रही। शुक्रवार को 38 नए मरीज पाए गए। इनमें 17 महिलाएं और तीन बच्चे हैं। कृषि विश्वविद्यालय के 6, पुलिस लाइन के 5, जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स सहित 3, मेडिकल कालेज में दो कर्मी संक्रमित पाए गए हैं। मौजूदा में सक्रिय मरीजों की संख्या 438 है।
शहर की सब्जी मंडी रोड में लगभग 65 वर्षीय व्यापारी कई दिनों पूर्व पॉजिटिव पाया गया था। उसे कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को शाम वहां उसकी मौत हो गई। इसे मिलाकर अब तक कोरोना संक्रमण से जनपद में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
शुक्रवार को शाम आई नमूनों की जांच रिपोर्ट में 38 नए मरीज पाए गए। इन सभी की पॉजिटिव रिपोर्ट है। शहर के कटरा, अलीगंज, जरैली कोठी, स्वराज कालोनी, कालूकुआं और थाना फतेहगंज, चंदवारा, धुंधुई में एक-एक, बंगालीपुरा में 5, इंदिरा नगर में 2, अतर्रा में 3 पॉजिटिव मिले हैं।
अस्पताल में संक्रमण से खाली कराए गए वार्ड
बांदा। जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में भर्ती 45 वर्षीय मरीज और महिला वार्ड की स्टाफ नर्स के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद दोनों ही वार्डों में भर्ती मरीजों को हटा दिया गया। कुछ मरीजों को जबरन छुट्टी दे दी गई।
इन वार्डों के लगभग 20 मरीजों को इमर्जेंसी वार्ड और ट्रामा सेंटर के बेडों में शिफ्ट किया गया। इनमें 8 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। 7 मरीजों की छुट्टी कर घर भेज दिया गया।
सीएमएस डा.एसएन मिश्र ने बताया कि दोनों वार्डों को सैनिटाइज कराया गया है। इसे सोमवार तक सीज कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण बढने पर ओपीडी पूरी तरह बंद है। सिर्फ इमर्जेंसी सेवा बहाल है।