आईटीआई मेें मेधावी प्रशिक्षार्थियों के साथ डीएम योगेश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के पहले दीक्षांत समारोह में विभिन्न 14 ट्रेडों के 300 मेधावी सम्मानित हुए। रेलवे, बिजली, डीआरडीओ, आर्डिनेंस विभागों में कार्यरत पूर्व प्रशिक्षार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। रविवार को समारोह की शुरूआत जिलाधिकारी योगेश कुमार ने दीप जलाकर की। कहा कि संस्थान में प्रशिक्षण ले रहे हरेक प्रशिक्षार्थी एक दीपक के समान है। अच्छे और विकसित देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बांदा समेत बांसी व मोतियारी में संचालित संस्थानों के अव्वल छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वर्ष 2011 तक के उत्तीर्ण प्रशिक्षार्थियों को भी प्रमाण पत्र बांटे गए।
रेलवे में लोको पायलट पद पर तैनात व पूर्व प्रशिक्षार्थी श्यामेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह पहला संस्थान हैं जहां के सबसे ज्यादा प्रशिक्षार्थी रेलवे में कर्मचारी हैं। रेलवे में नौकरी पा चुके लगभग 25 पूर्व प्रशिक्षार्थियों ने डीएम व प्राचार्य को स्मृति चिन्ह दिए। प्रधानाचार्य वीके तिवारी ने इलेक्ट्रीशियन, मोटर मैकेनिक, आरएसी इत्यादि ट्रेडों की उपयोगिता बताई। इसके पूर्व छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस अवसर पर आईटीआई, मोतियारी प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह, कार्यदेशक गया प्रसाद, एसडी गुप्ता, प्रेम कुमार, बिंदा प्रसाद, एसबी कुशवाहा इत्यादि मौजूद रहे। संचालन प्लेसमेंट प्रभारी आरबी पाल ने किया।