बांदा। अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ अध्यक्ष ने महामंत्री को प्रत्यावेदन सौंपा। उन्होंने रोष जताया कि उनकी गैर मौजूदगी में कुछ कर्मचारियों ने बैठक कर अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया। यह विधि विपरीत और मनगढ़ंत है। जल्द बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव निरस्त किया जाए।
अध्यक्ष विनोद कुमार सविता ने महामंत्री पुरुषोत्तम दास गुप्ता को अविश्वास प्रस्ताव के विरुद्ध में प्रत्यावेदन सौंपा। इसके अलावा डीएम, संघ प्रदेश अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को भी प्रति भेजी है। इसमें कहा कि वह अवकाश पर इलाज कराने गए थे। चार जुलाई को संघ की बैठक तय थी।
उनकी अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष को बैठक के लिए नामित किया गया था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में कुछ संघ कर्मियों ने गंभीर आरोप लगाकर अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया, जो विधि सम्मत नहीं है।
उन्होंने मांग की कि बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव निरस्त किया जाए और संघ की छवि धूमिल करने वाले सदस्यों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उनके समर्थन में लगभग 37 सदस्य/कर्मचारियों ने हस्ताक्षर किए हैं। इसे भी ज्ञापन में संलग्न किया गया।