बांदा। जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब जिले के आठ ब्लाक प्रमुख के लिए राजनैतिक संग्राम छिड़ गया है। गुरुवार (8 जुलाई) को दावेदार नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। प्रशासन ने सभी ब्लाक कार्यालयों को नामांकन स्थल बनाया है। नामांकन स्थल में शांति व्यवस्था व कोविड नियमों के पालन के लिए बैरीकेडिंग और बैरियर बनाए हैं।
जिले के आठ ब्लाक नरैनी, बड़ोखर खुर्द, तिदवारी, महुआ, जसपुरा, कमासिन, बबेरू, बिसंडा में ब्लाक प्रमुखी के लिए गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल होंगे। बुधवार को कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए ब्लाक मुख्यालयों में बैरीकेडिंग कर कक्षों को सैनिटाइज कराया गया है। 200 मीटर की परिधि में बैरियर लगाए गए हैं।
नामांकन स्थल में उम्मीदरवार, प्रस्तावक व अनुमोदक ही प्रवेश कर सकेंगे। मास्क सभी के लिए अनिवार्य है। उधर, ब्लाक प्रमुख पद के लिए भाजपा व सपा ने कमर कस ली। भाजपा इस बार जनप्रतिनिधियों के परिजनों को ब्लाक प्रमुखी में प्राथमिकता दिए जाने की घोषणा के बाद बुधवार को भाजपा कार्यालय में प्रत्याशी चयन को लेकर ऊहापोह की स्थिति रही।
विकास खंडवार मतदाता
नरैनी ब्लाक में 129, बड़ोखर में 97, तिंदवारी में 88, महुआ में 105, जसपुरा में 53, कमासिन में 86, बबेरू में 100, बिसंडा में 92 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। जो आठ ब्लाक प्रमुखों का चुनाव करेंगे।
ये है सुरक्षा व्यवस्था
प्रत्येक विकास खंड में शांति व्यवस्था के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अंदर व बाहर की सुरक्षा में चार उप निरीक्षक, सात हेड कांस्टेबिल व दो दर्जन कांस्टेबिल लगाए गए है।
विकास खंडों मे ब्लाक प्रमुख के नामांकन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कोविड गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होंगे। -संतोष बहादुर सिंह, एडीएम/सहायक निर्वाचन अधिकारी, बांदा।