बांदा। घरेलू गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब दो रिफिल सिलिंडर वाले उपभोक्ताओं को डिलीवरी के बाद 35 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब उनकी गैस 25 दिन में ही बुक हो जाएगी। पहले 25 दिन का नियम सिर्फ सिंगल सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए था। जबकि उज्ज्वला योजना वाली गृहणियों को अब भी बुकिंग के लिए डिलीवरी के 45 दिन का इंतजार करना पड़ेगा। उधर, रविवार को एजेंसियों में बुकिंग के कैंसिल मैसेज आने को लेकर उपभोक्ता परेशान रहे। उन्होंने एजेंसी में पहुंचकर समस्या को दिखाया तो एजेंसी संचालक ने उनकी समस्या का समाधान ऑनलाइन डीएसी नंबर भेजकर कराया।
रविवार को भी पुराने आरटीओ कार्यालय के पास आराधना गैस एजेंसी वितरण स्थल पर धूप में सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। यहां बारी-बारी से डीएसी नंबर देखकर सिलिंडर दिया जाता रहा। रविवार को यहां 700 सिलिंडरों की खेप पहुंची थी। इस एजेंसी में सबसे ज्यादा उपभोक्ता 21 हजार हैं। वितरण स्थल में लगातार पांचवें दिन भी पुलिस और पीएसी का पहरा रहा। उधर, पंडित जवाहर लाल नेहरू खेल मैदान भारत एजेंसी संचालक के यहां 80 सिलिंडरों की खेप पहुंची। यहां बुकिंग कराए हुए उपभोक्ता सिलिंडर लेकर पहुंचे तो उन्हें दिया जाता रहा।
बुकिंग कैंसिल होने से परेशान हुए उपभोक्ता
कटरा मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय सुधीर निगम ने बताया कि उन्होंने 16 मार्च को अपनी गैस बुक की थी। उनके पास कैंसिल होने का मैसेज आ गया। इससे वह परेशान हो गए। इस पर उन्होंने वितरण स्थल पहुंचकर एजेंसी संचालक रामेंद्र शर्मा को अपनी समस्या को बताया। एजेंसी संचालक ने बताया कि रविवार को 22 मार्च तक की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडर दे रहे हैं। उन्होंने उनकी समस्या को ऑनलाइन दिखाया, तब जाकर सुधीर निगम को सिलिंडर मिल सका।
बलखंडी नाका मोहल्ला निवासी गीता देवी ने बताया कि उनकी बहू के डिलीवरी हुई है। उन्होंने 22 मार्च को सिलिंडर बुक किया था, उनके घर में गैस खत्म हो गई, उनके मोबाइल पर बुकिंग कैंसिल होने का मैसेज आया है। इस पर एजेंसी संचालक ने ऑनलाइन दिखवाकर उनकी समस्या का हल कराया। तब जाकर उन्हें सिलिंडर मिल सका।
दो रिफिल वाले सिलिंडर उपभोक्ता अब डिलीवरी के 25 दिन में अपनी गैस बुक करा सकते हैं। अब उन्हें 35 दिन इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उज्ज्वला योजना वाली गृहणियों के लिए 45 दिन का नियम ही बरकरार है।
क्यामुद्दीन अंसारी
जिला पूर्ति अधिकारी, बांदा।
पुलिस के पहरे में लगी उपभोक्ताओं की लाइन। संवाद- फोटो : सांकेतिक