बांदा। शहर में पेट्रोल पंपों पर ड्रम लेकर आने वाले उपभोक्ताओं को लौटाया गया। सामान्य रूप से पेट्रोल पंपों में उपभोक्ता अपनी गाड़ियों में पेट्रोल व डीजल भराते मिले। प्राइवेट कंपनी नायरा पेट्रोल पंप में पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये महंगा जरूर हुआ। जबकि सरकारी एजेंसियों में पुराने दामों पर पेट्रोल और डीजल भराते मिले।
पश्चिमी एशिया में युद्ध को लेकर पेट्रोल और डीजल में मूल्य बढ़ोतरी की संभावनाओं को देखते हुए जमाखोरी की संभावनाएं बलवती हो रही थीं। शहर के पेट्रोल पंपों की पड़ताल की गई तो नजारा सामान्य रहा। पेट्रोल पंपों में न कोई अफवाह रही और न ही पेट्रोल और डीजल को स्टोर करने की होड़ दिखाई दी। अलबत्ता कृषि कार्य के लिए ड्रम लेकर आने वाले उपभोक्ताओं को पेट्रोल पंप से लौटाया गया।
उनसे कहा गया कि अगर ट्रैक्टर लेकर आते हैं तो पेट्रोल और डीजल दिया जाएगा। जिले में प्राइवेट एजेंसी नायरा के चार पेट्रोल पंप स्थापित हैं। इनमें पेट्रोल के दाम पर पांच रुपये और डीजल के मूल्य में तीन रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उधर, सरकारी एजेंसी हिंदुस्तान, भारत और इंडियन ऑयल के 100 पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल की कोई मूल्य वृद्धि नहीं हुई। लोगों को सामान्य रूप से पेट्रोल और डीजल दिया गया।
प्राइवेट नायरा पेट्रोल पंपों में मूल्य वृद्धि-
पहले अब
पेट्रोल- 95 रुपये 70 पैसे 100 रुपये 70 पैसे
डीजल- 88 रुपये 60 पैसे 91 रुपये 60 पैसे
सरकारी हिंदुस्तान, भारत व इंडियन ऑयल में दाम
पेट्रोल- 95 रुपये 51 पैसा
डीजल-88 रुपये 60 पैसा।
ड्रम लेकर आने वाले उपभोक्ताओं को पेट्रोल व डीजल नहीं दिया जा रहा है। कृषि कार्य के लिए आने पर सबूत के तौर पर ट्रैक्टर आदि लाने को कहा गया है। सरकारी एजेंसियों में दाम नहीं बढ़े हैं। जिले में पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जनपद में तकरीबन 100 पेट्रोल पंप हैं। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। सबको जरूरत के हिसाब से पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है।
प्रभाकर सिंह चंदेल
अध्यक्ष, मंडलीय पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन, बांदा।
पेट्रोल व डीजल जमाखोरी नहीं करने दी जाएगी। पेट्रोल पंपों का प्रतिदिन का सुबह और शाम का स्टॉक चेक किया जा रहा है। पेट्रोल पंपों के वॉट्सऐपग्रुप में सभी सूचनाएं प्रतिदिन की मांगी जा रही है। जमाखोरी पर पैनी नजर रखी जा रही है।
क्यामुद्दीन अंसारी
जिला पूर्ति अधिकारी, बांदा।
फोटो- 10 शहर के डिग्गी चौराहा स्थित एक पंप में पेट्रोल भराते उपभोक्ता। संवाद- फोटो : 1