बांदा। पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस ने शनिवार की शाम बबेरू कोतवाली व क्षेत्राधिकारी बबेरू कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुशासनहीनता बरतने पर एक आरक्षी को लाइन हाजिर व विवेचना में लापरवाही बरतने पर दो दरोगा पर प्रारंभिक जांच बैठाई है। दोनों दरोगाओं पर आईटी एक्ट के मुकदमों की विवेचना में लापरवाही का मामला सामने आया है।
बबेरू कोतवाली के निरीक्षण में डीआईजी राजेश एस ने अभिलेखों व रजिस्टरों का अवलोकन कर उन्हें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। अपराध समीक्षा के क्रम अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने और जनसुनवाई को गंभीरता से लेकर पीड़ितों की समस्याओं का तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने की बात कही। उन्होंने नियमित पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग तथा वाहन चेकिंग के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क को और अधिक व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।