जसपुरा। खेत से भैंस को चराकर लौट रहीं कुम्हरिया डेरा मजरा गौरीकला निवासी भूरी (40) को शुक्रवार की देर शाम बांदा से भरुआ सुमेरपुर जा रहे बालू भरे ओवरलोड ट्रक ने भूरी व उसकी भैंस को टक्कर मारकर कुचल दिया।
हादसे में दोनों की मौत हो गई। हादसे को अंजाम देकर ट्रक मौके से भाग निकला। डायल-112 पुलिस ने उसका कुछ दूरी तक पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। उधर, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बांदा-हमीरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे तक जाम लगने से वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवा दिया।
पति बिंद गोपाल ने बताया कि दो बेटियां पूजा, आरती व बेटा शिवपाल है। उसके पास दो बीघा जमीन है। उन्होंने मुआवजे की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी अनुपमा तिवारी और नायब तहसीलदार वेद प्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया। थाना प्रभारी अनुपमा तिवारी ने बताया कि पति की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मुआवजे के लिए प्रशासन को रिपोर्ट दी जाएगी।