सपा नेताओं की मंशा के खिलाफ काम करके उनसे पंगा लेना चित्रकूटधाम मंडल की कमिश्नर को महंगा पड़ा। प्रमुख सचिव (उच्च शिक्षा) पद से हटाकर यहां आयुक्त बनाकर भेजीं गईं तेजतर्रार आईएएस कल्पना अवस्थी का तबादला कर दिया गया है। फिलहाल उन्हें वेटिंग मेें रखा गया है। वे यहां छह महीने पदासीन रहीं।
बता दें कि बांदा शहर में नवनिर्मित ट्रामा सेंटर के उद्घाटन को लेकर पिछले माह सपा नेताओं से उनका पंगा हो गया। आयुक्त ने ट्रामा सेंटर का उद्घाटन खुद करने की तारीख निर्धारित कर दी थी। सपा नेताओं को यह नागवार गुजरा। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार का कोई मंत्री या यहां का जनप्रतिनिधि उद्घाटन करे। इसे लेकर सपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी थी।
सपा के तेजतर्रार विधायक विशंभर सिंह यादव मंडलायुक्त से खफा थे। उनका कहना है कि मंडलायुक्त विकास कार्यों में रोड़े अटका रहीं थीं। बुंदेलखंड विकास निधि (राज्यांश) का लगभग 40 करोड़ रुपये है। मंडलायुक्त ने अनावश्यक अड़ंगे लगाकर इस निधि से विकास कार्य कराने के लिए एक भी प्रस्ताव शासन को नहीं भेजा।
इसकी शिकायत भी मुख्यमंत्री से की गई। विधायक ने कहा कि सरकारी भवनों या योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण, शिलान्यास आदि जनप्रतिनिधियों का काम है। जिन अधिकारियों को ऐसा करने का शौक है तो वह अफसर पद छोड़कर जनप्रतिनिधि बनें।