केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अखिलेश और राहुल की दोस्ती को जमकर आड़े हाथों लिया। कहा कि सत्ता का सौदा कितना अजब है? बुंदेलखंड पैकेज के नाम पर अखिलेश सरकार को घेरने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अब इनका साथ पसंद है। भाजपा की घोषणाओं का जिक्र करते हुए किसानों और युवाओं को रिझाया।
मंगलवार को निर्धारित समय से लगभग दो घंटा देरी से आईं केंद्रीय मंत्री व अभिनेत्री स्मृति ईरानी ने जहीर क्लब मैदान में भाजपा प्रत्याशी प्रकाश द्विवेदी के पक्ष में जनसभा की। कहा कि कांग्रेस ने 40 साल राज किया, लेकिन किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं दे पाई। सपा ने सत्ता पाने के बाद किसानों की अनदेखी कर दी।
बुंदेलखंड दौरों पर कई बार आए राहुल गांधी खुद कहते रहे कि जो पैसा दिल्ली से भेजा गया अखिलेश सरकार ने गरीब परिवारों का सहयोग नहीं किया। आज सत्ता के लालच में गुंडों से हाथ मिला लिया। ईरानी ने किसानों को रिझाया कि भाजपा का संकल्प है सरकार बनी तो लघु व सीमांत किसानों का कर्ज माफ होगा। ब्याज मुक्त फसली ऋण भी दिया जाएगा। दूसरे का खेत जोतने वाले भूमिहीन किसान मजदूर प्रदेश में लगभग दो करोड़ हैं।
दीनदयाल सुरक्षा बीमा योजना के तहत दो लाख तक मुफ्त बीमा होगा। गोधन योजना से इन्हीं भूमिहीन मजदूरों को गाय उपलब्ध कराकर रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। अहिल्या बाई योजना के तहत गरीब बालिकाओं को ग्रेजुएट तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। छात्रों को 12वीं तक मुफ्त शिक्षा मिलेगी। इसके बाद 50 फीसदी से ज्यादा अंक पाने वाले छात्रों को ग्रेजुएट तक की शिक्षा में शुल्क नहीं देना होगा। युवाओं को बगैर लक्ष्मी दर्शन कराए नौकरी मिलेगी।
प्रत्याशी समेत जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला, संतोष गुप्ता, व्यापारी नेता मनोज जैन, ममता मिश्रा, जागृति वर्मा, प्रभा गुप्ता, अजित गुप्ता, हेमंत सिंह, प्रभाकर अवस्थी, पुष्कर द्विवेदी, सचिन अग्निहोत्री, आनंद स्वरूप द्विवेदी, संतोष अवस्थी आदि मौजूद रहे। संचालन धर्मेंद्र त्रिपाठी ने किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शीलू बलात्कार कांड नहीं भूलीं। शीलू निषाद का जिक्र करते हुए कहा कि यही वह सड़क और चौराहा है जहां शीलू को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने व भाजपा कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया था। उन्हें बर्दाश्त नहीं होता जब किसी बहन-बेटी की इज्जत से खिलवाड़ होता है।