बांदा। विद्यालय अवधि में चल रहे कोचिंग संस्थानों पर बुधवार को नकेल कसी गई। डीआईओएस ने औचक निरीक्षण कर ऐसे कोचिंग संस्थानों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने दोबारा चलते पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने को कहा है।
डीएम कालोनी, सिविल लाइन एरिया में तकरीबन छह कोचिंग संस्थान संचालित हैं। इन कोचिंग सेंटरों में प्रतिदिन विद्यालय समय पर कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इससे विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह ने सुबह इन कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। इनमें डीएम कालोनी में केमेस्ट्री की कोचिंग में विद्यालय समय में बच्चे पढ़ते हुए पाए गए। दूसरी कोचिंग रोडवेज के पास चलती हुई पाई गई। दोनों कोचिंग संचालकों को जिला विद्यालय निरीक्षक ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा विद्यालय समय में कोचिंग खुली पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।