बांदा। कोरोना वायरस से बचाव के लिए उपकरणों की खरीद को हमीरपुर सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल और राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद द्वारा सांसद निधि से स्वीकृत किए गए क्रमश: 21 लाख व 15 लाख रुपये के एस्टीमेट और उपकरणों की रेट लिस्ट उपलब्ध कराने से मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह कहकर इनकार कर दिया कि यह संभव नहीं है।
इस पर डीएम अमित सिंह बंसल ने कड़ा रुख अपनाते हुए सीएमओ को तत्काल दरों की लिस्ट सहित इस्टीमेट और डिमांड पत्र भेजने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी है कि अन्यथा की स्थिति में वह खुद जिम्मेदार होंगे। सीएमओ ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर कहा था कि विभिन्न कारणों से वास्तविक उपकरणों एवं लाजिस्टिक के एस्टीमेट व दरों की सूची उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
डीएम ने शुक्रवार को सीएमओ को जारी पत्र में उनके इस उत्तर पर असंतोष जताते हुए कहा है कि कोरोना बीमारी भयंकर महामारी का रूप ले चुकी है। उनके द्वारा एस्टीमेट उपलब्ध न कराने से सांसद निधि से धनराशि अवमुक्त नहीं हो पा रही। डीएम ने कहा कि यह स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस्टीमेट के अभाव में धनराशि अवमुक्त नहीं हो पा रही है।