अशोक लाट में जश्न मनाते सपा समर्थक।
- फोटो : amarujala
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी ‘साइकिल’ की सवारी मिलने पर समर्थक सड़कों पर उतर आए। खुले आम आचार संहिता की धज्जियां उड़ाकर युवा ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते और पटाखे छुड़ाते रहे। उड़नदस्ता टीम और पुलिस नदारद रही।
निर्वाचन आयोग द्वारा सीएम अखिलेश यादव को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वीकार किए जाने और साइकिल सिंबल दिए जाने पर समर्थक जोश में होश खो बैठे। आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट के पास जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों पर थिरकते और आतिशबाजी दागते रहे।
एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और नारेबाजी की। बिना अनुमति के सड़क पर जश्न मना रहे युवाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग का आवागमन ठप कर दिया। लगभग आधा घंटा तक यातायात प्रभावित रहा। इसकी भनक देर तक प्रशासन को नहीं लगी। राहगीरों की सूचना पर सिविल लाइंस चौकी प्रभारी एके सिंह आए और सपाइयों को समझाकर जाम खत्म कराया।
सपा छात्र सभा जिलाध्यक्ष निर्भय सिंह मोंटी समेत इमत्याज हुसैन, एएस नोमानी, आरिफ खान, जमील खान, शमीम खान, रफीक खान, योगेंद्र सिंह चौहान, उमंगराज चौहान, मनुराज चौहान, सत्यम यादव, अंब्रेश सिंह यादव आदि मौजूद रहे। उधर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम गंगाराम गुप्त ने कहा कि जश्न मना रहे युवकों ने कोई अनुमति नहीं ली है। यह आचार संहिता उल्लंघन है। शीघ्र टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी।