सर्किट हाउस में बैठक लेते अपर निदेशक डॉ.अंसारी।
- फोटो : स्रोत पालिका
बांदा। लखनऊ से आए नगरीय निकाय अपर निदेशक डॉ. असलम अंसारी ने गुरुवार को शहर के कई वार्डों की नाला सफाई अभियान की हकीकत देखी। उन्होंने कहा कि बांदा-चित्रकूट में 20 मई तक नाले-नालियों की सफाई करा लें, ताकि जलनिकासी में कोई अड़चन न आए। उन्होंने निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक में प्रगति की समीक्षा भी की।
डॉ. अंसारी ने पालिका ईओ श्रीचंद्र चौधरी व जल संस्थान महाप्रबंधक धर्मेंद्र सत्संगी सहित अन्य अधिकारियों के साथ शहर में नाला सफाई अभियान का निरीक्षण किया। वार्ड-28 अलीगंज उत्तरी स्थित सट्टन चौराहा एवं नरैनी रोड स्थित निम्नीनाला में मशीनों से हो रही सफाई को देखा। कहा कि नालों से निकाली जा रहे सिल्ट सीधे कचरा वाहन से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। इसके बाद सर्किट हाउस में अधिशाषी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
अधिशाषी अधिकारियों से कहा कि शासन के निर्देशानुसार बारिश से पूर्व 20 मई तक बांदा के 46 बड़े नाले, 104 मझोले नाले, 68 छोटे नाले एवं चित्रकूट के 36 बड़े नाले, 33 मझोले नाले एवं 46 छोटे नालों की सफाई करा ली जाए। पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद बांदा में कुल 62 नलकूप एवं 1833 हैंडपंपों के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।
नगर पालिका व जल संस्थान के टैंकरों जरिए भी पानी पहुंचाया जा रहा है। गोशालाओं में संरक्षित मवेशियों को धूप से बचाव के लिए टिनशेड पर पुआल बिछाने, गोवंशों को भूसा एवं चारा, पानी के लिए पक्की चरही आदि बनवाने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम इरफान उल्ला खां, राहुल द्विवेदी, अंकित वर्मा, नरेंद्र कुमार यादव, स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक खरे, चित्रकूट के शिवा कुमार,सफाई निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, हेमंत प्रसाद भी मौजूद रहे।