-पोस्टमार्टम में दोनों के सिर में चोट मिलने की सूत्रों से जानकारी, पुलिस ने नहीं की पुष्टि- देर रात तक नहीं हो सका अंतिम संस्कार, गांव में शव पहुंचने के बाद पुलिस रही तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में पानी से भरे गड्ढे में मिले दो सगे भाइयों के शवों का बृहस्पतिवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में दोनों बच्चों के सिर में चोट के निशान मिले हैं और मौत का कारण डूबना न होकर सिर में चोट लगना बताया गया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इससे पूर्व परिजन ने बुधवार रात को तीन बजे तक शव नहीं उठने दिए।
नंदवारा निवासी भइयाराम राजपूत के बेटे मनोज (6) और युवराज (4) बुधवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय लापता हो गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे तलाश के दौरान दोनों के शव पड़ोस में निर्माणाधीन मकान की नींव के लिए खोदे गए पानी से भरे करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में मिले थे। इसके बाद परिजन हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़ गए थे और रात करीब तीन बजे तक शव नहीं उठने दिए थे। एसपी के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। बृहस्पतिवार को भी परिजन के विरोध के चलते दोपहर दो बजे तक पंचनामा तक नहीं भरा जा सका। बाद में शाम को डॉक्टर्स के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में यह बात सामने आई कि बच्चों की मौत डूबने से नहीं हुई थी, दोनों के ही फेंफड़ों में पानी भी नहीं मिला। वहीं दोनों बच्चों के सिर में पीछे की तरफ चोटें लगने के कारण मौत की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी रिपोर्ट की जानकारी से इनकार कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव गांव लेकर पहुंचे, जहां रात होने का हवाला देते हुए उन्होंने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसके बाद से गांव में पुलिस तैनात है। सुबह परिजन अंतिम संस्कार की बात कह रहे हैं। वहीं गांव में दो बच्चों के शव पहुंचने के बाद मातम पसरा रहा।
मृत बच्चों के पिता भइयाराम ने पुलिस को तहरीर दी है। परिजन की ओर से कुल सात लोगों पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनमें से दो पक्षों के बीच पहले से विवाद भी चल रहा है। इसी विवाद को लेकर अगस्त में दोनों पक्षों की तहरीर पर नरैनी कोतवाली में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
-
फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने रात में घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसके लिए ग्रामीणों से भी पूछताछ के साथ ही अलग-अलग लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
-
सजातीय हैं पीड़ित और आरोपी पक्ष
पीड़ित परिवार और जिन पर हत्या का आरोप है, दोनों ही लोधी राजपूत हैं। उनके बीच पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहे हैं। मारपीट की घटना भी कुछ माह पहले ही हुई थी।
-
एसपी बोले, रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगी स्थिति
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि परिजन कुछ लोगों पर संदेह जता रहे हैं। दोनों बच्चों के शवों का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण के संबंध में कुछ कहना उचित होगा। मामले की जांच की जा रही है।