पैलानी। चिल्ला थाना क्षेत्र के तारा गांव में मंगलवार को 42 वर्षीय युवक ने घर के पास कटहल के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। मां ने उसे फंदे पर लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तारा गांव निवासी कल्लू पपरेंदा स्थित ढाबे में काम करता था। उसके भाई लल्ला ने बताया कि कल्लू शराब पीने का आदी था। शराब की लत के चलते उसने करीब एक बीघा जमीन भी बेच दी थी। शराब के नशे में घर आने पर आए दिन विवाद करता था। परिजन के अनुसार वह पहले भी दो बार फांसी लगाने का प्रयास कर चुका था। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी आनंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। घटना के बाद मां रनिया का रो-रोकर बुरा हाल है।