बांदा। वन विभाग की ओर से मंगलवार को वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महाराणा प्रताप चौक से कालूकुआं तक बच्चों ने जागरूकता रैली व प्रभात फेरी निकाली। सीडीओ व डीएफओ ने रैली को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि दस जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा बनाएं।
जिलाधिकारी नगेंद्र प्रताप ने सोमवार को हार्पर क्लब से वन महोत्सव की शुरुआत की थी। यह वन महोत्सव दस जुलाई तक चलेगा। हर रोज नए-नए कार्यक्रम होंगे। मंगलवार को सुबह मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य और सदर विधायक के प्रतिनिधि रजत सेठ ने महाराणा प्रताप चौक में वन महोत्सव की शुरुआत की। कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने महाराणा चौक से कालूकुआं तक जागरूकता रैली निकाली। सीडीओ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शिक्षक, वन विभाग के कर्मचारी व अधिकारियों ने वन व पौधों का महत्व बताया। प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि जनपद में 65 लाख पौधे इस वर्ष रोपित किए जाने हैं। छात्र-छात्राएं व किसान सभी लोग अपने घर आंगन से लेकर खेत-खलिहान, खाली पड़ी भूमि में छायादार, फलदार व फूल वाले पौधे लगाएं। अपने पड़ोसियों को भी पौधारोपण के लिए जागरूक करें। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी सदर अमित कुमार श्रीवास्तव, पैलानी के संजय गुप्ता, तिंदवारी के आरके शुक्ला, बबेरू रेंजर आरके बनौरिया सहित धर्मेंद्र कुमार आदि अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।