कर्जदार छोटी जोत वाले किसानों को राहत के लिए मुख्यमंत्री के ब्योरा मांगे
जाने के बाद बैंक अधिकारी सूची भेजने में दिलचस्पी नहीं ले रहे। मंडल में
हमीरपुर व महोबा जिले से एक भी किसान की सूची नहीं भेजी गई।
बांदा व चित्रकूट के गिने-चुने किसानों की सूची भेजी गई है। बुंदेलखंड में किसानों की आत्महत्या रोकने के संबंध में मुख्यमंत्री ने पिछले माह बैठक में मंडलायुक्त को जरूरी निर्देश दिए थे।
इसके तहत मंडलायुक्त मुरलीधर दुबे ने सभी डीएम को पत्र भेजकर वर्ष 2014-15 में पांच वर्ष पूर्व के कृषि ऋण बकाएदार लघु व लघु सीमांत और बीपीएल श्रेणी के किसानों का ब्योरा तीन जनवरी तक उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे। बांदा जिले में सिर्फ पंजाब नेशनल बैंक ने 250 डिफाल्टर बकाएदार किसानों की सूची भेजी है।
इसके अलावा किसी भी बैंक ने अभी तक सूची नहीं भेजी। उधर, चित्रकूट जिले से 13,975 डिफाल्टर किसानों की सूची भेजी गई है। महोबा व हमीरपुर जिले के अधिकारियों ने पूरी तरह उदासीनता दिखाई है। दोनों जिलों से किसी भी बैंक ने डिफाल्टर किसानों की सूची नहीं भेजी।
संयुक्त निदेशक (कृषि) डॉ.पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सभी बैंक अधिकारियों को दो दिन के अंदर सूची उपलब्ध कराने के आदेश मंडलायुक्त के माध्यम से दिए गए हैं। जिलाधिकारियों से भी मंडलायुक्त ने प्राथमिकता से सूची भेजने को कहा है। यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय भेजी जाएगी।