बांदा/नरैनी। आकाशीय बिजली ने सोमवार को भी कहर बरपाया। खेत में काम कर रहे किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई और उसका पुत्र गंभीर रूप से झुलस गया। 24 घंटे में बिजली गिरने से जिले में यह पांचवीं मौत है। दो बैलों और 20 बकरियों की भी जान चली गई। रविवार को 34 मवेशियों की मौत हुई थी।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गिरने की तीन घटनाएं हुईं। अतर्रा थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में दोपहर को राममिलन यादव (45) पुत्र बाबूलाल खेत की जुताई कर रहा था। साथ में उसका पुत्र उदय (14) भी था। तीसरे पहर बारिश शुरू हो जाने से पिता-पुत्र खेत के पास लगे शीशम के पेड़ के नीचे जा बैठे।
तभी गरज-चमक के साथ बिजली आ गिरी और राममिलन और उसके दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। पुत्र उदय गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने राममिलन के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा।
उधर, अतर्रा प्रतिनिधि के मुताबिक राम प्रसाद का पुरवा (बरछा डड़िया) में आकाशीय गाज से राजा भइया की 9 बकरियाें की मौत हो गई। बदौसा प्रतिनिधि के मुताबिक फतेहगंज थाना क्षेत्र के डंइया यादव की 11 बकरियां मर गईं। गौरतलब है कि रविवार को जनपद में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन ग्रामीणों और 34 मवेशियों की मौत हो गई।