फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ाके की ठंड की चपेट में बुंदेलखंड

विज्ञापन
खुद का अलाव तापते दुकानदार व राहगीर। - फोटो : BANDA
विज्ञापन
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल जम्मू और ऋषिकेश जैसी ठंड से जूझ रहा है। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी और वहां से आ रहीं उत्तर-पश्चिम हवाओं ने लगातार तीसरे दिन भी मंडल को कंपकंपाए रखा। यहां का न्यूनतम पारा देश के बर्फीले क्षेत्र जम्मू, हरिद्वार, ऋषिकेश के समकक्ष आ गया है। अलबत्ता दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव नहीं हो रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अभी कई दिन यह स्थिति बनी रहेगी।
विज्ञापन

चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों की 45 लाख से ज्यादा आबादी जबरदस्त ठंड और शीतलहर से जूझ रही है। रोजाना मौतों का सिलसिला भी जारी है। बांदा कृषि विश्वविद्यालय में मौसम विशेषज्ञ डा. दिनेश साहा ने बताया कि हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड आदि में बर्फबारी हो रही है।
उत्तर-पश्चिम हवाओं से उसका असर हमारे यहां पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मामूली उतार-चढ़ाव के अलावा फिलहाल कुछ दिन मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। डा.साहा के मुताबिक बुंदेलखंड एरिड एरिया है। यानी यहां नमी की कमी है। यहां की हवा सूखी है। इस वजह से ठंड में गलन ज्यादा होती है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर यह मौसम फसल के लिए फायदेमंद है।
विज्ञापन

उधर, बांदा सहित मंडल के अन्य जिलों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। यह सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है। अलबत्ता दिन में धूप निकल आने से अधिकतम तापमान में गिरावट नहीं आ रही। यह 18 से 20 डिग्री के आसपास चल रहा है। ऐसे में बुंदेलखंड के बाशिंदे जम्मू और हरिद्वार जैसी ठंड से जूझ रहे हैं। गुरुवार को जम्मू का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री था। अधिकतम 14 डिग्री रहा। इसी तरह हरिद्वार में न्यूनतम 8 और अधिकतम 11 डिग्री और ऋषिकेश में न्यूनतम 7 और अधिकतम 16 डिग्री रहा।
ठंड से युवा किसान सहित दो मौत
बांदा/नरैनी। ठंड से मौतों का सिलसिला जारी है। ताजी घटनाओं में दो और मौतें हो गईं। कालिंजर क्षेत्र के बरुआ कालिंजर गांव में दुर्गेश लोध (38) पुत्र भइयालाल अपने तीन बीघा के खेत में झोपड़ी बनाकर पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। पत्नी शकुंतला ने बताया कि बुधवार की रात बार-बार अन्ना गायें आ रही थीं। उन्हें भगाने के लिए कई बार उठकर गए। तभी ठंड ने जकड़ लिया। तड़के 4 बजे वहीं मौत हो गई। पोस्टमार्टम नहीं कराया। दूसरी घटना में तिंदवारी क्षेत्र के बरगहनी गांव में झंडू (90) को घर में ठंड ने जकड़ लिया। उसे नाजुक अवस्था में बुधवार की रात जिला अस्पताल लाया गया। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। डाक्टरों ने ठंड से मौत की पुष्टि की। पोस्टमार्टम नहीं कराया। उधर, ठंड से सात लोगों की हालत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले के सभी स्कूल-कालेजों में अवकाश
बांदा। शीतलहर के मद्देनजर जिले के सभी बेसिक, माध्यमिक और डिग्री कालेजों में 22 दिसंबर तक के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। डीएम हीरालाल ने बुधवार को शाम जिले के सभी परिषदीय स्कूलों (कक्षा-एक से 8 तक) की छुट्टी घोषित की थी। गुरुवार को जारी आदेश में जिले के सभी बेसिक, माध्यमिक, उच्च प्राथमिक और डिग्री कालेजों में अवकाश घोषित कर दिया। यह भी कहा है कि शासन द्वारा निर्धारित विभागीय/प्रतियोगी परीक्षाएं यथावत संचालित होंगी।
अतर्रा पीजी कालेज की परीक्षाएं स्थगित
अतर्रा। यहां स्थित अतर्रा पीजी कालेज में शुक्रवार (20 दिसंबर) को होने वाली दोनों पालियों की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अभिलाष श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने इस बाबत आदेश जारी किया है। अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें