बांदा। यूनेस्को विश्व धरोहर समिति की बैठक में बुंदेलखंड को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। रविवार से नई दिल्ली में समिति की बैठक शुरु हुई। यह 31 जुलाई तक चलेगी।
बैठक में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश से हमीरपुर-महोबा के पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत को भी नामित किया गया है। इनके अलावा प्रदेश के दो अन्य प्रतिनिधि इतिहासकार रवि भट्ट और होटल व्यवसायी रंजन सिंह भी नामित किए गए हैं। प्रदेश की पर्यटन निदेशक (प्रशासन) ईशा प्रिया द्वारा जारी पत्र में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र का हवाला देकर कहा गया है कि यूनेस्को विश्व धरोहर समिति की बैठक में शामिल होने के लिए तीन सदस्यीय दल नामित किया गया है। यह सदस्य बैठक में पूरे समय 10 दिन प्रतिभाग करेंगे। गौरतलब है कि गंगा चरण राजपूत पुर्व सांसद हैं। उन्होंने बुंदेलखंड की ऐतिहासिक और उपेक्षित धरोहरों का मुद्दा बैठक में उठाने की बात कही है।