अतर्रा। फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए शुक्रवार को पालिका का बुलडोजर चला। बिसंडा रोड नहर पुल से लेकर रेलवे क्रासिंग तक मार्ग में स्थित अतिक्रमण को हटाया गया। पालिका प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। अतिक्रमणकारी खुद ही अवैध कब्जों को हटाने में जुट गए।
डीएम के निर्देश पर प्रशासक/डिप्टी कलक्टर अवधेश निगम की मौजूदगी में शुक्रवार को कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बिसंडा रोड नहर पुल से लेकर रेलवे क्रासिंग तक अवैध अतिक्रमण हटाया गया। मलवा पालिका कर्मी ट्रैक्टरों में भरकर ले गए। डिप्टी कलक्टर ने कई लोगों को जुर्माना कर 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने की हिदायत के साथ छोड़ दिया। कई को नोटिस जारी की। चेतावनी दी कि अतिक्रमण न हटाया गया तो पालिका प्रशासन उसे हटाएगा। इसमें जो भी खर्च आएगा वह अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा। अभियान के दौरान ईओ राम सिंह, अवर अभियंता अरुण कुमार, संतोष निगम, रामभरोसा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। (संवाद)
-----------------