पंचायत चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी खड़े करने के लिए बसपा हाईकमान 3 सितंबर को लखनऊ में हो रही बैठक में निर्णय लेगी। बांदा व तिंदवारी विधान सभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारियों में जुटने को कहा। बूथ और सेक्टर कमेटियों को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। नए सदस्यों से 50 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
जिला पंचायत परिसर में मंगलवार को आयोजित बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बल्देव वर्मा ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रत्याशी उतारने पर फैसला 3 सितंबर को लखनऊ में होने वाली बैठक में तय होगा। तभी प्रत्याशियों को सिंबल या समर्थन पर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बसपाइयों से चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। जिलाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने बताया कि बांदा में 30 और तिंदवारी में 32 सेक्टर कमेटियां हैं। 10 बूथों पर एक सेक्टर कमेटी बनती है। प्रत्येक बूथ में 15 नए सदस्य जोड़कर कमेटियों को मजबूत बनाएं।
वरिष्ठ नेता बीएम कुशवाहा व जिला उपाध्यक्ष लल्लू निषाद ने सेक्टर व बूथवार कमेटियों की समीक्षा की। बैठक में तिंदवारी विधान सभा क्षेत्र संयोजक जगदीश प्रजापति, विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष विजय वर्मा (तिंदवारी) व गुलाब वर्मा (बांदा) समेत मोहम्मद इदरीस, जयराम सिंह, कमलेश सेन, भगवानदीन प्रजापति आदि उपस्थित रहे।