पुलिस की गिरफ्त में खड़ा बहन का सौदाकर जबरन दूसरी शादी कराने वाले भाई।
बांदा। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने बहन को बेचने के आरोप में वांछित भाई को गिरफ्तार किया है। बीते 20 नवंबर को भाई ने मां के साथ मिलकर अपनी बहन को हरियाणा के एक व्यक्ति को बेच दिया था। पीड़िता की तहरीर पर एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चित्रकूट जनपद की निवासी एक युवती ने 22 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि 20 नवंबर 2025 को उसकी मां और भाई ने उसे बांदा लाकर 1,38,000 रुपये में हरियाणा के एक व्यक्ति को बेचा था और उसकी जबरन शादी करा दी थी। हैरत की बात यह है कि पीड़िता पहले से ही विवाहित थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने एएचटीयू थाने को शिकायत दर्ज जांच करने के आदेश दिए थे। जिस पर पीड़िता के भाई व मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पीड़िता के बयान, तकनीकी साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी थी। शनिवार को सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी भाई जगनारायण उर्फ जयनारायण को कालू कुआं रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पहले ही दो आरोपियों हरियाणा के पलवल निवासी कृष्ण कुमार और बलराम को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि फिलहाल पुलिस इस पूरे मानव तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में की कोई भूमिका नहीं मिली है।