बांदा। घरेलू विवाद के बाद भड़के युवक ने माता-पिता और भाई-बहनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े तो भाग निकला। इसके अलावा अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए।
बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव में शनिवार की शाम शब्बीर (24) का अपने घरवालों से किसी बात पर विवाद हो गया। उसने पिता किताबुद्दीन (65), मां जोहरा बानो (60), छोटे भाई मुबीन (18) व अनीस (16) तथा बहन परवीन (11) को कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुकर पड़ोसी आए तो भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि शराब के लिए पैसे न मिलने पर युवक ने परिजनों पर हमला किया।
उधर, इसी थाना क्षेत्र के सांड़ी गांव निवासी बच्चा लाल (40), पंचम लाल (32) पुत्र रामजियावन और इसका भांजा उमेश (23) शनिवार की शाम ई-रिक्शा पर खप्टिहाकलां से गांव लौट रहे थे।
गांव के नजदीक कई पड़ोसी दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। सभी को सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया।