बांदा/पपरेंदा। बहन की चौथी लेकर जा रहे बोलेरो सवार घायल हो गए। बोलेरो का अगला टायर बर्स्ट हो जाने से बोलेरो अनियंत्रित होकर सामने से आए ट्रेलर से टकराकर खंती में गिर गई। उधर, ट्रेलर भी पेड़ से टकरा गया। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा है।
नरैनी कोतवाली के करतल गांव निवासी अंकिता (19) भाई राज पांडे (16) व रिश्तेदारों नरैनी निवासी लवली (18), लवली के भाई आदित्य (23), प्रज्ञा मिश्रा (7), बृजपुर पन्ना निवासी सचिन (30) सभी नरैनी से धरमपुर पन्ना के खोरा गांव निवासी बोलेरो चालक बलवान राजपूत के साथ बहन संयोगिता की चौथी लेकर कानपुर जा रहे थे।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव के पास शुक्रवार को सुबह अचानक अगला टायर बर्स्ट हो जाने पर बेकाबू होकर बोलेरो सामने से आए ट्रेलर से टकराकर खंती में जा गिरी। हादसे में ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद बोलेरो चालक भाग निकला, जबकि बोलेरो में सवार सभी छह लोग गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।